35 साल बाद डेगाना में लौटेगी रामलीला की परंपरा, काशी के 25 कलाकार करेंगे प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन
![]() |
शौकत खान | Wed, 11-Nov-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी की प्रसिद्ध रामलीला परंपरा अब डेगाना में भी देखने को मिलेगी। दीपावली महोत्सव के पावन अवसर पर डेगाना में करीब 35 साल बाद ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। श्रीराम मैदान प्रांगण में गुरुवार से 21 नवंबर तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस आयोजन में भारत के प्रसिद्ध धर्म प्रचारक रामलीला मंडल काशी के 25 कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र एवं आदर्शों को जीवंत करेंगे।
हनुमान ध्वज पूजन के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ
आयोजन की शुरुआत नगर के गणमान्य एवं प्रतिष्ठित नागरिकों द्वारा विधि-विधान से हनुमान जी के ध्वज का पूजन एवं स्थापना कर की जाएगी। इसके बाद रामलीला महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। आयोजकों के अनुसार काशी से आने वाला रामलीला मंडल अपने कलाकारों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन करेगा। लंबे अंतराल के बाद डेगाना में इतने बड़े स्तर पर रामलीला का आयोजन होने से धर्मप्रेमियों एवं संस्कृति से जुड़े लोगों में उत्साह है।
25 कलाकार प्रस्तुत करेंगे रामलीला, काशी की परंपरा का दिखेगा संगम
रामलीला मंडल काशी के 25 कलाकार मंच पर भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करेंगे। कलाकारों द्वारा रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जिससे दर्शकों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी आस्था, संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी परंपरा है। प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग, सेवा और आदर्श परिवार व्यवस्था की प्रेरणा देता है।
बच्चों को रामलीला दिखाने की अपील, संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला देखने पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। अभिभावक अपने बच्चों को भी रामलीला दिखाने लेकर आएं, ताकि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों को समझ सकें।
आयोजकों ने कहा कि यह डेगाना नगरवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य का अवसर है कि करीब 35 वर्षों बाद काशी के कलाकारों द्वारा भव्य रामलीला का मंचन उनके शहर में होने जा रहा है। सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की गई है कि वे बड़ले वाले बालाजी मंदिर प्रांगण एवं श्रीराम मैदान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाएं।