डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। शहर में कांग्रेस पार्टी की ओर से दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कूकना एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष हारून रशीद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, वार्डवासियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कूकना ने बताया कि दीपावली जैसे पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। इस प्रकार के स्नेह मिलन आयोजनों से कार्यकर्ताओं एवं आमजन के बीच आपसी सामंजस्य मजबूत होता है तथा एक-दूसरे से मिलने और विचार साझा करने का अवसर मिलता है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष हारून रशीद ने बताया कि दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी प्रेम का पर्व है। ऐसे त्योहार समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने का कार्य करते हैं। हमें पर्वों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए।
त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष व्यास ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन संगठन के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने के साथ आपसी मेलजोल और संगठनात्मक संवाद को भी बढ़ावा देते हैं।
समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी तथा आपसी स्नेह और सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।