नागौर पुलिस ने 25 लाख रुपए की चोरी का किया खुलासा, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार; सोने-चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद
| मोहम्मद शहजाद | Fri, 30-Oct-2026 |
|---|
नागौर(नागौर डेली न्यूज)। शहर में सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है।
22 अक्टूबर की रात सूने मकान में की थी चोरी
पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर 2026 की रात नागौर शहर के बाजारवाड़ा क्षेत्र में परिवादी के भतीजे के मकान में चोरी की वारदात हुई थी। मकान मालिक उस समय इंदौर में था। 25 अक्टूबर को परिवादी अब्दुल्लाह तारीक निवासी खरादिवाड़ा, बाजारवाड़ा नागौर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार मकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर मकान से सोने के नेकलेस, चूड़ियां, टॉप्स, अंगूठियां, चांदी की पायल, नोज पिन, चांदी की साखियां और दो घड़ियां सहित करीब 25 लाख रुपए के आभूषण चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
19 वर्षीय रोहित उर्फ लफड़ा गिरफ्तार, पूरा माल बरामद
पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देश पर वृत्ताधिकारी नागौर जितिन जैन (आईपीएस) के निकटतम सुपरविजन में कोतवाली थाना अधिकारी नंदलाल रिणवां के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बेहतर सामंजस्य, फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए रोहित उर्फ लफड़ा (19) पुत्र स्वर्गीय सेठी सांसी निवासी कुम्हारी दरवाजा, सांसी बस्ती नागौर को कस्बा नागौर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।
कोतवाली थाना पुलिस की टीम रही शामिल
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना अधिकारी नंदलाल, एएसआई कैलाश दान सहित पुलिसकर्मियों की टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में हेड कांस्टेबल राजेंद्र, कांस्टेबल नरेंद्र, गरीबाराम इनाणिया, दुर्गाराम, गरीबाराम, मुकेश ताड़ी, रामावतार, सलीम, राकेश सांगवा, ओमप्रकाश, पृथ्वीराज, श्यामसुंदर और महिला कांस्टेबल सुमन शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।