हुडील-खोरण्डी में पंचायत चुनाव के लिए गूँजा मतदान का संकल्प, स्काउट-गाइड ने सँभाली रैली की कमान
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 30-Oct-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। आगामी पंचायत चुनावों में हर मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रिटर्निंग अधिकारी, कुचामन सिटी के निर्देशानुसार स्वीप (मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम) के अंतर्गत ग्राम हुडील एवं खोरण्डी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों, शिक्षकों, बीएलओ और ग्रामीणों ने इनमें उत्साह से भागीदारी निभाई।
दोनों स्थानों पर सबसे पहले रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने रंगों के सहारे "मेरा वोट, मेरा अधिकार", "पहले मतदान फिर जलपान" और "कोई मतदाता न छूटे" जैसे संदेश उकेरे। फिर मतदाता प्रश्नोत्तरी में मतदाता पंजीकरण, पात्रता, मतदाता पहचान पत्र और ईवीएम व मतपत्र से मतदान की प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनके प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास से जवाब दिए।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को चुनाव कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि आगामी 14 नवंबर को जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव ईवीएम के माध्यम से होंगे, जबकि 16 नवंबर को सरपंच एवं पंच के चुनाव मतपत्र के माध्यम से कराए जाएँगे। सभी से दोनों तिथियों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम का सबसे जीवंत हिस्सा दोनों गाँवों में निकली शानदार मतदाता जागरूकता रैली रही। हुडील में इस रैली का नेतृत्व स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने किया। हाथों में तख्तियाँ और बुलंद नारों के साथ निकली इन रैलियों ने दोनों गाँवों का ध्यान खींचा। गलियों से गुज़रते हुए विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मतदान की अपील की। रैली के बाद सभी उपस्थित जनों ने निर्भीक होकर, बिना किसी प्रलोभन या दबाव के मतदान करने की शपथ ली और परिवार व पड़ोसियों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, लोकतंत्र के प्रति हमारा कर्तव्य भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपना नाम मतदाता सूची में जाँच लेने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वीप प्रभारी दिनेश सिंह (एसीबीईओ), सह प्रभारी जितेंद्र स्वामी एवं दिनेश जांगिड़, प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद एवं भंवर सिंह, ईएलसी प्रभारी मोहम्मद सफीक एवं गुलकेश जांगिड़ (हुडील), प्रधानाचार्य कैलाश मंडा एवं ईएलसी प्रभारी श्रवण कुमार बगड़िया (खोरण्डी), समस्त बीएलओ तथा स्टाफ साथी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से दोनों स्थानों पर आयोजन सफल रहा।