डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) को दुरुस्त करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ब्लैक स्पॉट्स का त्वरित सुधार कर जिले में चिह्नित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) का संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त सर्वे कर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर), रिफ्लेक्टर और आवश्यक साइन बोर्ड लगाने की कार्रवाई जल्द पूरी करने, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने तथा पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को क्षतिग्रस्त सड़कों व गड्ढों को जल्द ठीक करने तथा स्कूलों व प्रमुख चौराहों के पास जेब्रा क्रॉसिंग व रम्बल स्ट्रिप्स बनाने, परिवहन और पुलिस विभाग को तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर चालान और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में परिवहन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, एनएचएआई, नगर परिषद और चिकित्सा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।