विज्ञापन

कुचामन में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, टिकट के लिए उमड़े दावेदार; कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Mon, 24-Aug-2026

आगामी 9 और 11 सितंबर को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर प्रदेशभर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : डीडवाना-कुचामन जिले में भी राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में रविवार देर शाम कुचामन सिटी के मेगाहाइवे स्थित होटल न्यू शारदा पैलेस में कांग्रेस की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में टिकटार्थियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में टिकट के दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की।

 
 
विज्ञापन
बैठक में पूर्व विधायक एवं पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी के साथ टिकटार्थियों ने मुलाकात कर अपनी राजनीतिक और सामाजिक पकड़ से अवगत कराया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक आसिफ पंवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भंवर अली, उदय सिंह तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुतेंद्र सारस्वत, पूर्व सभापति आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 
भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में जताया भरोसा
 
कांग्रेस की बैठक के दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने नए कार्यकर्ताओं का पार्टी का दुपट्टा और माला पहनाकर स्वागत किया। निकाय चुनाव से ठीक पहले हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम को कुचामन की स्थानीय राजनीति में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 
जनभावना के आधार पर होगा टिकट वितरण
 
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए महेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। आलाकमान के निर्देशों के तहत इस बार टिकट वितरण जनभावनाओं के मुताबिक किया जाएगा। वार्डवासियों की आवाज और पसंद को टिकट का प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि कोर कमेटी, ऑब्जर्वर और को-ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर पार्टी प्रत्याशियों का चयन करेगी। ऐसे में टिकट के दावेदारों के बीच अभी से राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है और प्रत्येक वार्ड में संभावित प्रत्याशियों को लेकर पार्टी स्तर पर मंथन चल रहा है।
विज्ञापन

50 फीसदी से ज्यादा टिकट युवाओं को देने की तैयारी

महेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देशों के मुताबिक इस बार युवाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी है। पार्टी की योजना 50 प्रतिशत से अधिक टिकट युवाओं को देने की है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टिकट के प्रति जबरदस्त उत्साह है। चौधरी के अनुसार पूरे प्रदेश में कांग्रेस के टिकट के लिए 2 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे चुनाव में पार्टी के टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं और दावेदारों की सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
 
भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पर साधा निशाना
 
महेंद्र चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अपने ढाई साल के कार्यकाल के आधार पर जनता से वोट मांगने की बात कह रही है, लेकिन इन ढाई वर्षों में ऐसा कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ, जिसके आधार पर भाजपा जनता के बीच वोट मांग सके।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो खुद इस बात का इंतजार कर रही है कि भाजपा अपने ढाई साल के कार्यकाल के कार्यों को लेकर जनता के बीच जाए। चौधरी ने दावा किया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस भाजपा सरकार के कार्यकाल की कथित नाकामियों को जनता के सामने प्रमुखता से रखेगी।

कानून व्यवस्था, महंगाई और बुनियादी सुविधाएं होंगे चुनावी मुद्दे

 
निकाय चुनाव में कांग्रेस के मुद्दों को लेकर महेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, महंगाई चरम पर है और जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि यही मुद्दे कांग्रेस आगामी निकाय चुनाव में जनता के बीच लेकर जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव सीधे तौर पर आमजन की रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़े होते हैं। ऐसे में सड़क, पानी, सफाई, बिजली, विकास कार्य और स्थानीय समस्याओं को भी पार्टी अपने चुनावी अभियान में प्रमुखता से उठाएगी।
 
क्षेत्रवार तैयार होगा कांग्रेस का घोषणा पत्र
 
महेंद्र चौधरी ने बताया कि कांग्रेस प्रदेश के सभी निकायों के लिए क्षेत्र की जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों के मुताबिक अलग-अलग प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए अपना घोषणा पत्र जल्द जारी करेगी। घोषणा पत्र में कांग्रेस के पूर्व कार्यकाल में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही भाजपा सरकार के कार्यकाल की कथित नाकामियों को भी मुद्दा बनाया जाएगा। इसके अलावा संबंधित निकाय क्षेत्र में कांग्रेस की आगामी प्राथमिकताएं, विकास योजनाएं और जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का रोडमैप भी घोषणा पत्र के माध्यम से सामने रखा जाएगा।

विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News