विज्ञापन

कुचामन में महिला सुरक्षा संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित, डीजीपी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल ने महिलाओं और बालिकाओं से किया सीधा संवाद

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Tue, 11-Aug-2026

‘अपराजिता’ पुस्तिका का विमोचन, महिला हेल्पलाइन 1090 से लेकर साइबर हेल्पलाइन 1930 तक दी जानकारी

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर राजस्थानभर में चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को कुचामन सिटी में महिला सुरक्षा जागरूकता संवाद एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। टैगोर साइंस रेजिडेंशियल सैनिक स्कूल, जूसरी रोड में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक, यातायात, राजस्थान श्रीमती मालिनी अग्रवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं जागरूकता का संदेश दिया।

 

विज्ञापन

महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं और कानूनों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को RajCop Citizen App, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, SHe-Box, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला बीट अधिकारी योजना और वरिष्ठजन संबल योजना सहित विभिन्न सुरक्षा सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। डीजीपी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल ने छात्राओं एवं महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित व्यवहार तथा छेड़छाड़ एवं स्टॉकिंग जैसे अपराधों की तत्काल शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को RajCop Citizen App डाउनलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

 

विज्ञापन

‘अपराजिता’ पुस्तिका का विमोचन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन विमल सिंह आरपीएस द्वारा तैयार की गई महिला सुरक्षा एवं महिला अपराधों से संबंधित जानकारी तथा पुलिस मुख्यालय की विभिन्न योजनाओं को संकलित कर तैयार की गई पुस्तिका ‘अपराजिता’ का विमोचन मालिनी अग्रवाल ने किया। वहीं महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत पिछले माह जिले में उत्कृष्ट कार्य करने पर आरपीएस ऋतु कुमारी एवं परबतसर थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुमन बुंदेला को महानिदेशक पुलिस द्वारा प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा महिला सुरक्षा, जागरूकता एवं जनसहभागिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित केस स्टडी के लिए जैन विश्व भारती के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

 

महिला सुरक्षा जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान महिला वॉलंटियर्स, सुरक्षा सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका, साथिन, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की। समारोह के बाद महिला सुरक्षा एवं जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके माध्यम से कुचामन शहर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों से भी महिला सुरक्षा संकल्प अभियान और जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर संवाद किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज के विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता का आधार है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस प्रत्येक महिला एवं बालिका की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़कर सुरक्षित वातावरण विकसित करना ही पुलिस का प्रमुख उद्देश्य है, ताकि महिलाएं निर्भीक होकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ सकें।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News