महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण प्रोजेक्ट के लिए महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल की एनसीसी कैडेट्स सम्मानित
![]() |
अबू बकर बल्खी | Tue, 11-Aug-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। समाज में महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में उत्कृष्ट मिसाल पेश करने वाली महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल, लाडनूं की एनसीसी कैडेट्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। इस उत्कृष्ट परियोजना के लिए सम्मानित होने वाली होनहार छात्राओं में परिशीता, निशिका गोदारा, अनुष्का ठोलिया, चित्रांशी जांगिड़, भावना चोपड़ा, दिव्या विश्नोई, भाविका लोधा, प्रतिभा चिंडालिया, साक्षी चौहान और हर्षिता ढाका शामिल हैं।
इन कैडेट्स द्वारा 'बाल एवं महिला अपराध' विषय पर तैयार किए गए इस विशेष प्रोजेक्ट के लिए जिला पुलिस डीडवाना-कुचामन की ओर से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस महानिदेशक मालिनी अग्रवाल ने कैडेट्स को उनकी इस सराहनीय पहल के लिए सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डीडवाना-कुचामन के जिला कलेक्टर अवधेश मीणा, विद्यालय की प्राचार्या नीलिमा सिंह, जैन विश्व भारती सचिवालय प्रभारी डॉ. विजयश्री शर्मा ने छात्राओं का हौसला बढ़ाया।