नागौर डेली न्यूज कुचामन मेगा ट्रेड फेयर का भव्य आगाज, एक माह तक रहेगा मनोरंजन और खरीदारी का संगम
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sat, 01-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। नागौर डेली न्यूज के तत्वावधान में आयोजित कुचामन मेगा ट्रेड फेयर का शनिवार को पुलिस थाना कुचामन के पास स्थित मेला ग्राउंड में विधिवत शुभारंभ हुआ। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित किए जा रहे इस मेगा फेयर का उद्घाटन शहर की विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह के साथ ही मेले में लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गणमान्य अतिथियों ने किया उद्घाटन, आयोजकों ने जताया आभार
मेले का शुभारंभ कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल, लॉयन्स क्लब अध्यक्ष एवं पूर्व पीएमओ डॉ. वी.के. गुप्ता, होटल ट्राइडेंट ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक सागर चौधरी, एलबीएस स्कूल ग्रुप के निदेशक रामदेव खीचड़, लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट के अध्यक्ष राम काबरा, पेस इंस्टीट्यूट के निदेशक दीपक खिलेरी, फिजियो हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. हरीश कुमावत, मारवाड़ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीताराम कुमावत, कुमावत समाज के अध्यक्ष राजकुमार फौजी तथा शिक्षाविद् दिलीप कुमार पारीक, रौनक कुमावत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर नागौर डेली न्यूज के संपादक एवं फेस्टिवल आयोजक सद्दाम रंगरेज ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुचामन शहर में परिवारों और बच्चों के लिए मनोरंजन के सीमित साधन हैं। ऐसे में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह ट्रेड फेयर शहरवासियों के लिए मनोरंजन, खरीदारी और पारिवारिक आनंद का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार भी मेले को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया है।
अतिथियों का हुआ साफा और मालाओं से स्वागत, शहरवासियों से की सहभागिता की अपील
उद्घाटन समारोह के दौरान सुरेश कुमार मंडावाला, अरशद अख्तर कुरैशी, मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के सदर मास्टर मोहम्मद शकील, मोहम्मद खलील, सद्दीक खोखर, इकबाल खोखर, गुलामनबी बेहलीम, कयूम पप्पू रंगरेज, शाहबान जोया, जाकिर पहलवान, वफाती रंगरेज, आसिफ टाक सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर विभिन्न गतिविधियों का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि स्थानीय व्यापार और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देने वाला मंच है।
एक माह तक सजेंगी रौनकें, जलपरी शो रहेगा विशेष आकर्षण
फेयर के आयोजक कमल कुमार, नईम खान एवं हनुमान सिंह ने बताया कि यह मेला एक माह तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में विभिन्न प्रकार के मनोरंजक झूले, बच्चों के विशेष राइड्स, आकर्षक शॉपिंग स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, हस्तशिल्प उत्पाद तथा स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जो हर आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेंगे।
उन्होंने बताया कि रविवार से मेले में जलपरी का विशेष लाइव शो भी शुरू होगा, जो पूरे मेले की अवधि तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का विश्वास है कि इस वर्ष का कुचामन मेगा ट्रेड फेयर शहरवासियों के लिए यादगार साबित होगा और बड़ी संख्या में लोग इसका आनंद लेने पहुंचेंगे।