कुचामन जिला अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 7 मरीजों की आंखों में संक्रमण की आशंका, ऑपरेशन थिएटर सीज
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 30-Jul-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना-कुचामन जिले के राजकीय जिला अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद सात मरीजों की आंखों में पोस्ट सर्जिकल संक्रमण (पोस्ट ऑपरेटिव इंफेक्शन) की आशंका सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी सात मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं एहतियात के तौर पर अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के ऑपरेशन थिएटर को सीज कर पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
ऑपरेशन के अगले दिन सामने आए संक्रमण के लक्षण
जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को राजकीय जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में सात मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए गए थे। अगले दिन नियमित जांच के दौरान कुछ मरीजों की ऑपरेशन वाली आंखों में असामान्य लक्षण दिखाई दिए। विस्तृत परीक्षण में संक्रमण की आशंका सामने आने पर पांच मरीजों को तत्काल SMS अस्पताल जयपुर रेफर किया गया। बाद में दो अन्य मरीजों को भी उच्च स्तरीय उपचार के लिए जयपुर भेज दिया गया। फिलहाल सभी मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचाराधीन हैं।
जिला कलेक्टर ने लिया संज्ञान, एसडीएम ने किया अस्पताल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कुचामन उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी को अस्पताल भेजा। एसडीएम ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर ढाका, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमारी एवं डॉ. विनोद से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद एहतियात के तौर पर नेत्र रोग विभाग के ऑपरेशन थिएटर को सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा विभाग की जांच टीम ऑपरेशन थिएटर, उपकरणों एवं संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जांच करेगी।
SMS में मेडिकल बोर्ड गठित, जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी वजह
जयपुर के SMS अस्पताल में मरीजों के पहुंचने के बाद कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. आर.के. जैन ने मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नगेंद्र सिंह शेखावत के निर्देशन में गठित बोर्ड में डॉ. एम.के. अग्रवाल, डॉ. पंकज शर्मा एवं डॉ. मनीष शर्मा को शामिल किया गया है। वहीं SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने भी पूरे घटनाक्रम की फैक्ट रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर ढाका ने बताया कि संक्रमण की आशंका सामने आते ही सभी मरीजों को बिना किसी देरी के उच्च स्तरीय उपचार के लिए जयपुर भेज दिया गया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमारी एवं डॉ. विनोद ने कहा कि सभी ऑपरेशन निर्धारित प्रोटोकॉल और पूरी सावधानी के साथ किए गए थे तथा संक्रमण के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि एहतियात के तौर पर ऑपरेशन थिएटर को सीज कर दिया गया है और चिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ टीम पूरे मामले की जांच करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि राजकीय जिला अस्पताल कुचामन में इस वर्ष अब तक 700 से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं और इस प्रकार की घटना पहली बार सामने आई है।