कुचामन : RUIDP और L&T के अधूरे व गुणवत्ताहीन कार्यों पर जनप्रतिनिधियों का विरोध, सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी करने से किया इनकार
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 30-Jul-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। शहर में पिछले लगभग पांच वर्षों से चल रहे RUIDP एवं L&T के सीवरेज और पेयजल परियोजना कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों का असंतोष खुलकर सामने आया है। नगर परिषद को भेजे गए सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी करने के अनुरोध का जनप्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जब तक सभी अधूरे कार्य नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे नहीं किए जाते और क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्स्थापन नहीं होता, तब तक किसी भी स्थिति में संतुष्टि प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाना चाहिए।
पांच साल बाद भी अधूरे हैं कई कार्य, टूटी सड़कों से परेशान हैं लोग
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि RUIDP एवं L&T द्वारा शहर में पिछले करीब पांच वर्षों से सीवरेज एवं पेयजल लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन आज भी कई स्थानों पर कार्य अधूरा पड़ा है। वहीं जिन स्थानों पर कार्य पूर्ण बताया जा रहा है, वहां भी निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें हैं। कंपनी द्वारा बनाई गई सीसी एवं डामर सड़कें कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे आमजन को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट के अनुरोध पर जनप्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति
हाल ही में RUIDP एवं L&T ने नगर परिषद कुचामन को पत्र भेजकर रोड रेस्टोरेशन, रोड सेटलमेंट एवं मैनहोल से जुड़े कार्यों को पूर्ण एवं संतोषजनक बताते हुए सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी करने का अनुरोध किया था। इस पर नगर परिषद आयुक्त सिकेश काकरिया ने शहर के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यों की वास्तविक स्थिति पर चर्चा की। बैठक में मौजूद सभी पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने एकमत होकर कार्यों को असंतोषजनक बताते हुए अधूरे एवं गुणवत्ताहीन निर्माण पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई।
लिखित आपत्ति सौंपकर कहा—जनहित से नहीं होगा कोई समझौता
बैठक के बाद पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से नगर परिषद में लिखित आपत्ति पत्र प्रस्तुत किया। इसमें स्पष्ट मांग की गई कि जब तक सभी अधूरे कार्य नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्वक पूरे नहीं किए जाते तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन नहीं किया जाता, तब तक किसी भी प्रकार का सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाए।
जनप्रतिनिधियों की आपत्तियों एवं कार्यों की वास्तविक स्थिति को देखते हुए नगर परिषद आयुक्त सिकेश काकरिया ने भी स्पष्ट निर्देश दिए कि पहले शेष सभी कार्यों को नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
बैठक में भाजपा कुचामन शहर अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गोरूराम कुमावत, पार्षद छीतरमल कुमावत, अयूब शेख, नरसीराम कुमावत, भागीरथ कुमावत, तुलसीराम कुमावत, रामेश्वर कुमावत, जसराज खुड़ीवाल, किशन गुर्जर सहित अनेक पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने दोहराया कि जनहित सर्वोपरि है और अधूरे तथा गुणवत्ताहीन कार्यों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से समझौता नहीं होगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे होने के बाद ही सैटिस्फैक्शन सर्टिफिकेट जारी किया जाना चाहिए।