विज्ञापन

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर नागौर पुलिस का जागरूकता अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली मानव तस्करी रोकने की शपथ

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Thu, 30-Jul-2026

नागौर(नागौर डेली न्यूज) विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर गुरुवार को नागौर जिले में पुलिस विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी (आरपीएस) के नेतृत्व में जिला पुलिस कार्यालय, पुलिस थानों एवं पुलिस लाइन में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों की सुरक्षा तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए शपथ दिलाई गई। साथ ही जिलेभर में आमजन को जागरूक कर मानव तस्करी के विरुद्ध सहयोग का आह्वान किया गया। 

 

 

विज्ञापन

पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने लिया मानव तस्करी रोकने का संकल्प

संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नागौर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों की सुरक्षा, सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई, समाज में जागरूकता फैलाने तथा मानवाधिकारों की रक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही मानव तस्करी मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। 

 

 

विज्ञापन

रेलवे स्टेशन, गांधी चौक व बस स्टैंड पर चलाया जागरूकता अभियान

मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं राजस्थान महिला कल्याण मंडल के सदस्यों ने नागौर शहर के रेलवे स्टेशन, गांधी चौक, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया। इस दौरान आमजन को मानव तस्करी के तरीकों, इससे बचाव के उपायों और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों को मानव तस्करी रोकने में सहयोग देने की शपथ भी दिलाई गई। 

जनभागीदारी से मानव तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का आह्वान

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसकी रोकथाम केवल पुलिस ही नहीं बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी मानव तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ितों को सुरक्षित बचाया जा सके। नागौर पुलिस ने इस अवसर पर मानव तस्करी के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए निरंतर अभियान चलाने का संकल्प दोहराया।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News