विज्ञापन

मकराना के निजी स्कूल में साढ़े तीन साल की मासूम से कथित दुष्कर्म, आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

मोहम्मद शहजाद Wed, 29-Jul-2026

मकराना(नागौर डेली न्यूज) नागौर जिले के मकराना कस्बे के एक निजी विद्यालय में साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सड़क जाम भी कर दी गई, जिसे पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद खुलवाया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर मेडिकल परीक्षण करवाते हुए जांच शुरू कर दी है।

 

विज्ञापन

मासूम ने मां को बताई आपबीती, डॉक्टर ने जताई दुराचार की आशंका

पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) विक्की नागपाल ने बताया कि पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को बच्ची स्कूल से घर लौटने के बाद अपनी मां से दर्द की शिकायत करते हुए बताया कि स्कूल में एक व्यक्ति उसे बाथरूम में ले गया और उसके साथ गलत हरकत की। परिजन तुरंत बच्ची को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने यौन दुराचार की आशंका जताई। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाकर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

 

विज्ञापन

आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर रातभर प्रदर्शन, कई जनप्रतिनिधि पहुंचे

घटना की सूचना फैलते ही मंगलवार रात बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर जमा हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। रात करीब एक बजे तक गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंचे सीओ विक्की नागपाल और थानाधिकारी पंकज कुमार ने लोगों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया और जाम खुलवाया।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, भाजपा नेता प्रकाश भाकर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व विधायक सुबह करीब पांच बजे तक प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे रहे और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। वहीं विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर निष्पक्ष जांच एवं आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

स्कूल सील करने सहित कई मांगें उठीं, नेताओं ने भी जताई नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जांच पूरी होने तक विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां तत्काल प्रभाव से स्थगित करने तथा आवश्यक होने पर विद्यालय को सील करने की मांग की। साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की संयुक्त उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन में विद्यालय की मान्यता, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी प्रणाली, कर्मचारियों के सत्यापन, बाल सुरक्षा मानकों एवं अन्य वैधानिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को सुरक्षा, चिकित्सकीय सहायता एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। इसके अलावा जिले के सभी निजी विद्यालयों में बाल सुरक्षा व्यवस्था की विशेष जांच कराने की भी मांग उठी।

घटना के बाद नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल, पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता ज्योति मिर्धा सहित कई राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News