कुचामन रिंग रोड पर बेशकीमती जमीन धोखाधड़ी मामले में अब दूसरे पक्ष ने भी कराई रिपोर्ट दर्ज
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 23-Jun-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : कुचामन रिंग रोड पर बेशकीमती जमीन धोखाधड़ी मामले में अब दूसरे पक्ष ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार परिवादी लिखमाराम जांगू ने बताया कि ग्राम दीपपुरा स्थित खसरा संख्या 649/271 की 0.3767 हेक्टेयर भूमि को लेकर आरोपियों ने स्वयं को भूमि का अधिकृत विक्रेता बताते हुए 6 जून 2026 को विक्रय इकरार किया था।
आरोप है कि भूमि के सौदे के एवज में परिवादी से 2 लाख रुपये नकद और 8 लाख रुपये चेक के माध्यम से कुल 10 लाख रुपये अग्रिम राशि प्राप्त की गई। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि पंजीकृत विक्रय करार के बाद भूमि का स्वामित्व परिवादी के पक्ष में हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अग्रिम राशि प्राप्त करने के बावजूद आरोपियों ने 18 जून 2026 को उसी भूमि का एक अन्य पंजीकृत विक्रय करार कर दिया। परिवादी का आरोप है कि यह तथ्य उससे जानबूझकर छिपाया गया। बाद में जब उसने राजस्व अभिलेखों और संबंधित दस्तावेजों की जांच करवाई तो पता चला कि उक्त भूमि का विक्रय अन्य व्यक्तियों के पक्ष में भी किया जा चुका है। इससे उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मामले में उदाराम, कुननमल, मदनलाल, दुर्गा देवी, बिमला, सुनीता, सुमन, रामस्वरूप और शंकरलाल को नामजद किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 316(2) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कुचामन सिटी थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।