ग्राम परेवड़ी में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया निरीक्षण
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 23-Jun-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत परेवड़ी में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण राजस्व विभाग के राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
शिविर में राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को विभाजन पट्टों का वितरण किया गया। राज्यमंत्री चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध रूप से हो सके।
शिविर प्रभारी विश्वामित्र मीणा (उपखंड अधिकारी) के नेतृत्व में आयोजित शिविर में तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, विकास अधिकारी अजीत सिंह सहित 22 विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं, राजस्व प्रकरणों, सामाजिक सुरक्षा, पंचायत, कृषि, जलदाय, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य विभागों से संबंधित मामलों का निस्तारण किया।
इस अवसर पर ग्रामीण जनप्रतिनिधि भंवरलाल शर्मा, सरपंच प्रशासक राजकुमार सोनी, मोहन महला, कैप्टन सायर सिंह, पूर्व उपसरपंच राज सिंह, रामचंद्र महला, बोदूराम बडालडा, गोमाराम भेरी, राकेश सिंह चावंडिया, भाजपा मीडिया प्रभारी अनिल सिंह शेखावत, एडवोकेट अवतार सिंह, गणेशराम सुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर सुनवाई की गई तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर मिल रहा है तथा प्रशासन आमजन के और अधिक निकट पहुंच रहा है।