अदनान रंगरेज की स्मृति में सेवा कार्य, मरीजों और तीमारदारों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 19-Jun-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। शिक्षा नगरी कुचामन की अग्रणी सामाजिक संस्था लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट द्वारा जनसेवा के कार्यों की श्रृंखला लगातार जारी है। इसी क्रम में स्वर्गीय अदनान रंगरेज की स्मृति में मोहम्मद अली रंगरेज के सौजन्य से राजकीय चिकित्सालय में वाटर डिस्पेंसर मशीन भेंट कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया गया।
इस अवसर पर क्लब के संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा, लॉयन विष्णु मोयल, मोहम्मद शाकिर रंगरेज एवं वसीम रंगरेज राजकीय चिकित्सालय पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड की आवश्यकता को देखते हुए वाटर डिस्पेंसर मशीन अस्पताल प्रशासन को सुपुर्द की। इस सेवा कार्य का उद्देश्य मरीजों, उनके परिजनों एवं चिकित्सा कर्मियों को स्वच्छ, ठंडे एवं गर्म पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. चरण सिंह एवं डॉ. गौरव राजावत ने इस जनहितकारी पहल के लिए रंगरेज परिवार एवं लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी तथा सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस मौके पर लॉयन्स क्लब की ओर से मोहम्मद शाकिर रंगरेज एवं वसीम रंगरेज का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग अधिकारी परमेश्वर, सुरेश, अर्जुन मूंडोतिया, नरेन्द्र, हंसराज, राजकुमार सहित अस्पताल स्टाफ एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा ने कहा कि लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जहां भी आवश्यकता होती है, क्लब वहां पहुंचकर सहयोग करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्थापित यह वाटर डिस्पेंसर मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सा कर्मियों को राहत प्रदान करेगा।
वहीं मोहम्मद अली रंगरेज ने कहा कि समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में सहयोग करने से आत्मिक संतोष प्राप्त होता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में योगदान देने की बात कही।