ग्रामीण सेवा शिविर में काश्तकारों को मिली राहत
![]() |
अबू बकर बल्खी | Fri, 19-Jun-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। शुक्रवार को गेनाणा एवं साँवराद ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। सांवराद में राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचे काश्तकारों को भूमि विभाजन का त्वरित लाभ प्रदान किया गया। तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे ने बताया कि शिविर के दौरान ग्राम दताउ के खसरा नम्बर 4, 158 , 173 , 176 में 65 वर्ष पूर्व विरास्त से प्राप्त खातेदारी भूमि शामिल होने का प्रकरण सामने आया।
काश्तकार गिरधारी और खींवाराम ने शिविर में पहुंचकर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ और सहायक शिविर प्रभारी अनिरूद्ध देव पाण्डेय को भूमि का विभाजन करने का निवेदन किया। काश्तकारों ने बताया कि भूमि का विभाजन नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है तथा अनावश्यक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कलक्टर अवधेश मीणा एवं उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ के निर्देशन में सहायक शिविर प्रभारी ने भू अभिलेख निरीक्षक आर्यन ढालिया व हल्का पटवारी दुलीचंद को विभाजन प्रस्ताव तैयार कर पेश करने हेतु निर्देशित किया। हल्का पटवारी ने विभाजन प्रस्ताव तैयार करवाकर सहायक शिविर प्रभारी के समक्ष पेश किया।
सहायक शिविर प्रभारी ने अविलंब विभाजन स्वीकार कर काश्तकारों को राहत प्रदान की। काश्तकारों ने अपनी खातेदारी भूमि के विभाजन होने पर खुशी जाहिर करते हुये शिविर प्रभारी और उपखंड प्रशासन का आभार प्रकट किया। इस दौरान शिविर में ग्रामीणों को जागरूक करने में प्रशासक सुधीर चोटिया का विशेष सराहनीय योगदान रहा।