विज्ञापन

लॉयन्स क्लब के 110वें स्थापना दिवस पर मूक प्राणियों की सेवा, लगाए पक्षी घर

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Sun, 07-Jun-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) लॉयन्स क्लब इंटरनेशनल के 110वें स्थापना दिवस के अवसर पर लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट द्वारा मूक प्राणियों और पक्षियों की सेवा को समर्पित विशेष अभियान चलाया गया। क्लब पदाधिकारियों ने पक्षियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पक्षी घर लगाकर पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लॉयन रेखा काबरा, संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा, पूर्व सचिव लॉयन रचित नंदवानालॉयन विष्णु मोयल एवं लॉयन स्नेहा अग्रवाल ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पक्षियों के लिए घोंसला स्वरूप पक्षी घर स्थापित किए।

 

विज्ञापन

पेड़ों की कटाई से बेघर हो रहे पक्षियों के लिए पहल

क्लब अध्यक्ष लॉयन रेखा काबरा ने बताया कि लगातार हो रही पेड़ों की कटाई के कारण बड़ी संख्या में पक्षी अपने प्राकृतिक आश्रय खो रहे हैं। इसी पीड़ा को महसूस करते हुए क्लब ने पक्षी घर लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, छत, बालकनी अथवा आसपास के क्षेत्र में पक्षी घर लगाए, ताकि पक्षियों को सुरक्षित घोंसला और रहने का स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि यह छोटा सा प्रयास लुप्त होती गौरेया जैसी पक्षी प्रजातियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होगा।

 

विज्ञापन

सेवा ही लॉयन्स क्लब की पहचान

संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा ने कहा कि लॉयन्स क्लब इंटरनेशनल केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का विश्वव्यापी मंच है। उन्होंने बताया कि लॉयन्स क्लब की स्थापना 7 जून 1917 को मेल्विन जोन्स द्वारा अमेरिका के शिकागो शहर में सेवा, मित्रता और विश्व बंधुत्व की भावना के साथ की गई थी।

आज यह संगठन विश्व के 200 से अधिक देशों में सक्रिय होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आपदा राहत और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, पशु-पक्षी सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि जहां भी सेवा की आवश्यकता होती है, वहां लॉयन्स क्लब के सदस्य निस्वार्थ भाव से पहुंचकर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News