मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों पर डीडवाना पुलिस का शिकंजा
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sat, 30-May-2026 |
|---|
डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। जिले में सार्वजनिक शांति भंग करने वाली मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ डीडवाना-कुचामन पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए छह मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। इन वाहनों में अवैध रूप से तेज आवाज वाले साइलेंसर और अन्य नियम विरुद्ध मॉडिफिकेशन पाए गए। पुलिस का कहना है कि जिले में सार्वजनिक उपद्रव फैलाने वाले ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव (आईपीएस) ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा एवं वृत्ताधिकारी जेठू सिंह के निर्देशन में डीडवाना थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी गरिमा चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने कस्बे के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया।
सीएलजी बैठक में उठी थी शिकायत
पुलिस के अनुसार 26 मई को डीडवाना थाने में आयोजित सीएलजी बैठक में स्थानीय लोगों ने मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों से उत्पन्न होने वाले सार्वजनिक उपद्रव और तेज आवाज की शिकायत दर्ज कराई थी। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व भी 26 मई को ही छह अन्य मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया जा चुका है। लगातार की जा रही कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक परेशानी से राहत दिलाना है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, पटाखा साइलेंसर, तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरण अथवा नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार का बदलाव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे वाहनों को जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में सार्वजनिक उपद्रव किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।