नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोपी पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
![]() |
अबू बकर बल्खी | Sat, 30-May-2026 |
|---|
जसवंतगढ़(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने के आरोपी पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, एफएसएल रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में शुरुआत में पीड़िता द्वारा घटना से इनकार किए जाने के बावजूद पुलिस ने गहन जांच कर सच्चाई का खुलासा किया।
बाल कल्याण समिति की सूचना से खुला मामला
पुलिस के अनुसार 27 मार्च 2026 को बाल कल्याण समिति, नागौर से जसवंतगढ़ थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम रोडू की एक नाबालिग बालिका के साथ लंबे समय से दुष्कर्म किया जा रहा है। साथ ही घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी भी सामने आई। बालिका द्वारा बाल कल्याण समिति के समक्ष इस संबंध में पुष्टि किए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पीड़िता ने पहले किया इनकार, पुलिस ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने पीड़िता और उसकी माता के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक स्तर पर पीड़िता और उसकी मां ने मेडिकल जांच करवाने तथा किसी प्रकार की आपराधिक घटना होने से इनकार किया। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि पीड़िता पारिवारिक दबाव के कारण वास्तविक तथ्य सामने नहीं ला पा रही है। इसी दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन नागौर की ओर से पुलिस को पांच वीडियो उपलब्ध कराए गए। पुलिस ने वीडियो, फोटो और अन्य डिजिटल सामग्री को एफएसएल जांच के लिए भेजा। जांच रिपोर्ट में वीडियो में दिखाई गई बालिका और आरोपी की पहचान की पुष्टि होने पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
मजबूत साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता गिरफ्तार
एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद जसवंतगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव ने बताया कि जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े किसी भी अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जा सके।