6.3 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sat, 30-May-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव (आईपीएस) ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह, वृत्ताधिकारी कुचामन मुकेश चौधरी तथा कुचामन सिटी थानाधिकारी सतपाल सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार 29 मई को उप निरीक्षक महावीर प्रसाद के नेतृत्व में बुडसू रोड पर जसराना के पास नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान चालक के पास से 6.3 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
23 वर्षीय युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र मगनीराम कुमावत (23 वर्ष) निवासी खातियों का मोहल्ला, कुचामन सिटी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक महावीर प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक जीवराज सिंह, कांस्टेबल कमलेश मीणा, सुरेंद्र सिंह, सुनील बेड़ा, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।