मोबाइल में मिली 400 से अधिक चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री, एक आरोपी गिरफ्तार
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sat, 30-May-2026 |
|---|
चितावा(नागौर डेली न्यूज)। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में करीब 400 चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिलने के बाद उसके खिलाफ आईटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा आरोपी
पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव ने बताया कि 28 मई 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के निर्देशन में चितावा थाना पुलिस ने कार्रवाई की। थानाधिकारी तेजाराम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन में चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े वीडियो देख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
मोबाइल जांच में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर उसकी जांच की। जांच में मोबाइल में 1000 से अधिक वीडियो और सैकड़ों फोटो मिले, जिनमें से लगभग 400 वीडियो चाइल्ड पोर्नोग्राफी एवं अश्लील सामग्री से संबंधित पाए गए। इसके अलावा मोबाइल में एक व्हाट्सएप ग्रुप भी मिला, जिसमें कई सदस्य जुड़े हुए थे और वहां भी अश्लील व नाबालिगों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री साझा की जा रही थी।
सुजानपुरा निवासी मुकेश कड़वा गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी मुकेश कड़वा पुत्र बोदूराम कड़वा (30 वर्ष), निवासी सुजानपुरा, थाना चितावा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67, 67A, 67B तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 15 सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच कुचामन थाना प्रभारी सतपाल सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री को रखना, डाउनलोड करना, शेयर करना या सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर दंडनीय अपराध है।