नागौर रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की दर्दनाक मौत, टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे
![]() |
जयसिंह चौहान | Sat, 30-May-2026 |
|---|
नागौर(नागौर डेली न्यूज)। जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा नागौर रिंग रोड पर बासनी पुलिया के पास हुआ, जहां एक ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं, एक पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कार में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। दुर्घटना के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया। आग की लपटों के बीच लोगों ने वाहनों में फंसे व्यक्तियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में कुछ अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों के जोधपुर क्षेत्र के निवासी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।