कुचामन, मकराना व लाडनूं में चलाया डिकॉय ऑपरेशन, 11 मनचलों को किया गिरफ्तार
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Thu, 14-May-2026 |
|---|
डीडवाना-कुचामन(नागौर डेली न्यूज) : डीडवाना-कुचामन पुलिस की कालिका टीमों ने जिलेभर में महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ व अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में कुचामन सिटी, मकराना और लाडनूं क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान कुल 11 मनचलों को गिरफ्तार किया गया।
कुचामन सिटी में सबसे बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
कुचामन सिटी में कालिका टीम और महिला पुलिसकर्मियों ने सिविल ड्रेस में तैनात रहकर निगरानी की। इस दौरान युवतियों को परेशान करने, मोबाइल नंबर की पर्ची फेंकने और अभद्र व्यवहार करने वाले युवकों को मौके पर पकड़ा गया।
Rajcop Citizen App पर मिली शिकायतों के आधार पर भी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। वहीं सीकर बस स्टैंड क्षेत्र में महिलाओं से लगातार छेड़छाड़ की शिकायतों के बाद विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राकेश, तुषार, सुरेश, दयाल, अब्दुल समद, सद्दाम और सुनील को गिरफ्तार किया।
मकराना और लाडनूं में भी पुलिस की सख्त कार्रवाई
मकराना रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कालिका टीम ने ऑपरेशन चलाकर युवतियों से अभद्र व्यवहार करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंसार आलम निवासी किशनगंज (बिहार), शहादत निवासी किशनगंज (बिहार) और जितेंद्र सिंह निवासी गांगवा रोड, मकराना के रूप में हुई। वहीं लाडनूं बस स्टैंड चौपाटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए युवतियों से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक नरेश निवासी तेली रोड, लाडनूं को गिरफ्तार किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने बताया कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 10 स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे विशेष अभियान आगे भी चलते रहेंगे।