जिला कलक्टर ने मकराना ब्लॉक में की जनसुनवाई, मौके पर ही दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
| मोहम्मद शहजाद | Thu, 14-May-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। राज्य सरकार की मंशानुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले के सभी ब्लॉक में माह के दूसरे गुरुवार को अटल जन सेवा शिविर (ब्लॉक स्तरीय जन सुनवाई) का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर अवधेश मीना ने मकराना उपखंड मुख्यालय पर ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने आमजन की नहरी जल की आपूर्ति, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, विद्युत कटौती,अतिक्रमण,खनन कार्य सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े 112 परिवादों की सुनवाई कर 10 परिवादों का मौके पर है निस्तारण किया और शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जलदाय विभाग के अभियंताओं को पेयजल सप्लाई सुचारू रखने, विद्युत विभाग को अघोषित बिजली कटौती रोकने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध रूप से प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और संपर्क पोर्टल पर दर्ज मामलों का निस्तारण समय सीमा में कर परिवादी की समस्या पर संतोषजनक कारवाई करते हुए राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई में उपखंड अधिकारी अंशुल सिंह, पुलिस उपअधीक्षक विक्की नागपाल, पूर्व विधायक रूपाराम मुरावतिया, श्रीराम भींचर, संबंधित तहसीलदार, विकास अधिकारी, नगर परिषद आयुक्त सहित जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तर के समस्त विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण व शहरवासी उपस्थित रहे।