सब्जी ठेले हटाने पहुंची पालिका टीम का विरोध, बिना कार्रवाई बैरंग लौटना पड़ा
![]() |
अबू बकर बल्खी | Thu, 14-May-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। स्थानीय पुलिस चौकी गली में लगे सब्जी ठेलों को हटाने पहुंची नगरपालिका टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ठेला संचालकों और स्थानीय लोगों के विरोध के चलते पालिका टीम को बिना कार्रवाई किए बैरंग ही लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार गुरुवार अल सुबह ही नगरपालिका एसआई रामचंद्र पुनिया, अतिक्रमण प्रभारी संजय बारासा तथा महिला सफाई कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम के पहुंचते ही ठेला संचालकों और आमजन ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पालिका द्वारा दूसरी जगह चिन्हित कर व्यवस्थित रूप से ठेले लगाने की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे यहां से हटने को तैयार नहीं हैं। मौके पर कुछ समय तक बहस का दौर चलता रहा, लेकिन सहमति नहीं बनने पर पालिका टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
नगरपालिका ईओ हरेंद्र चौधरी ने बताया कि सब्जी ठेलों और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पुलिस जाब्ते की मांग की गई थी, लेकिन जाब्ता उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। वहीं थानाधिकारी शिम्भूदयाल मीणा ने कहा कि इस संबंध में पहले ही पत्राचार किया जा चुका है। उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में आपसी समन्वय के साथ ठेला संचालकों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तय करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जाब्ता उपलब्ध नहीं करवाने जैसी कोई स्थिति नहीं है।