कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। जिला कलक्टर अवधेश मीणा बुधवार को कुचामन सिटी के दौरे पर रहे, इस दौरान शाकंभरी माता मंदिर के पास निर्माणाधीन राजकीय जिला अस्पताल भवन का निरीक्षण किया और शहर में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों का जायजा लेकर कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
निर्माणाधीन राजकीय जिला अस्पताल निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल भवन के लेआउट और ड्राइंग का बारीकी से अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक सुधार और बदलाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कुचामन में प्रस्तावित मातृ एवं शिशु चिकित्सा केंद्र का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला अस्पताल का निर्माण आगामी वर्ष मार्च तक हर हाल में पूरा किया जाए।
इस दौरान उन्होंने कहा की सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कुचामन क्षेत्र में बन रहा यह जिला अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगा और लोगों को बड़ी राहत देगा। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम विश्वामित्र मीणा, तहसीलदार कैलाश ईनाणिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रहलाद बाजिया सहित अन्य चिकित्सा एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना प्रगणकों के प्रशिक्षण का किया अवलोकन
इस दौरान जिला कलक्टर अवधेश मीना ने कुचामन नगर परिषद में आयोजित जनगणना प्रगणकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीक और पारदर्शी डेटा संग्रह बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रगणकों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी कार्मिकों व अधिकारियों की स्वगणना में अधिक से अधिक भागीदारी बढ़ाने तथा आमजन को प्रेरित करने के निर्देश दिए।