फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप, मारोठ थाने में परिवाद दर्ज
![]() |
हितेश रारा | Sun, 24-May-2026 |
|---|
मारोठ(नागौर डेली न्यूज)। मारोठ थाना क्षेत्र के मिंडा कस्बे में करोड़ों रुपये की पुश्तैनी संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता मिश्री देवी जैन पत्नी स्वर्गीय मांगीलाल जैन, निवासी ड्योढ़ी हाल कोलकाता ने मारोठ थाने में परिवाद दर्ज करवाकर मिलन शारदा स्कूल संचालक पांचूलाल गुर्जर, गजानंद चोटिया उर्फ पप्पू तथा सत्यनारायण कुमावत के परिवार सहित अन्य लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।
फर्जी मुख्तियारनामा और दस्तावेज बनाने का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता के पीहर पक्ष की पुश्तैनी संपत्ति में मिंडा कस्बे में स्थित मकान, बड़ा बाड़ा और दुकान शामिल हैं। पीड़िता ने बताया कि वृद्धावस्था और बीमारी के चलते वह कई वर्षों से कोलकाता में रह रही थीं तथा संपत्ति की देखरेख की जिम्मेदारी पांचूलाल गुर्जर को दी गई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से फर्जी मुख्तियारनामा और अन्य दस्तावेज तैयार कर लिए। पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2014 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दुकान का हस्तांतरण किया गया तथा बाद में न्यायालय से डिग्री भी प्राप्त कर ली गई।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के पुत्र अमित कुमार जैन ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी दुकान का फर्जी विक्रय पत्र बनाकर संपत्ति अन्य लोगों के नाम कर दी गई। उन्होंने कहा कि मकान को अपने नाम करवाने के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये का कथित झूठा इकरारनामा तैयार किया गया, जबकि बाड़े के लिए 3 लाख रुपये का अलग इकरारनामा बनाया गया। अमित जैन ने यह भी आरोप लगाया कि मकान पर वर्ष 1982 से उनकी नानी झमकू देवी के नाम बिजली कनेक्शन था, जिसे कथित रूप से फर्जी तरीके से पांचूलाल गुर्जर की पत्नी सावित्री देवी के नाम करवाया गया। साथ ही मकान के बाहर नेम प्लेट लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया गया।
पुलिस जांच में जुटी, क्षेत्र में चर्चा का माहौल
मामले के सामने आने के बाद मिंडा क्षेत्र में चर्चा का माहौल है तथा जैन समाज में भी आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं, पांचूलाल गुर्जर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से उक्त मकान में निवास कर रहे हैं और उन्होंने 7 लाख 50 हजार रुपये दिए थे, जिसको लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मारोठ थाने के हेड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण ने बताया कि मिश्री देवी द्वारा रिपोर्ट दी गई है, जिस पर परिवाद दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों को दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया है तथा मामले की जांच जारी है।