तेज आंधी का असर, जगहों जगह पेड़ और बिजली पोल गिरे
![]() |
अबू बकर बल्खी | Sat, 02-May-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। शनिवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने एक ओर जहां मौसम को सुहावना बना दिया, वहीं दूसरी ओर जनजीवन को भी प्रभावित कर दिया। तेज अंधड़ के कारण क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल टूटने से बड़ा नुकसान होते होते टला है।
जानकारी के अनुसार मगरा बास स्थित करणी माता मंदिर के पास एक बबूल का पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। एडवोकेट शेर सिंह के अनुसार तेज आंधी के चलते कोर्ट परिसर में भी दो बड़े पेड़ उखड़कर गिर पड़े। इसके अलावा मंगलपुरा, मालियों का बास और सैनी अतिथि भवन के पास एक बिजली का पोल टूटकर एक मकान की दीवार पर गिर गया।
हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। इसके अलावा शहर के राजकीय उप जिला चिकित्सालय के सामने, सुनारी रोड सहित कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में भी पेड़ और बिजली के पोल गिरने से काफी नुकसान हुआ।
इन घटनाओं के चलते देर रात तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें देर रात तक स्थिति को सामान्य करने में जुटी रहीं।