पुंदलोता में अतिक्रमण हटाने कार्रवाई, सड़क निर्माण का रास्ता साफ
![]() |
शौकत खान | Thu, 30-Apr-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। उपखंड प्रशासन ने बुधवार शाम ग्राम पुंदलोता में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीआर मार्ग मेहरासी से पुंदलोता, ईडवा, बुटाटी थाम सडक मार्ग निर्माण मे बाधक बने पक्के अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण का रास्ता साफ कर दिया। वर्षों से जमे अवैध कब्जों के कारण सड़क निर्माण कार्य पिडले दो सालों से रुका हुआ था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
कार्रवाई के दौरान पक्के निर्माण, दीवारें, पानी के टैंक सहित कई अवरोधों को हटाया गया। उपखंड अधिकारी मोहन चैधरी के निर्देश पर तहसीलदार सतीश कुमार राव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। आरएसआरडीसी की इस सड़क पर लंबे समय से अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य बाधित था।
कार्रवाई के दौरान डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल, सीआई हरीश सांखला, आरएसआरडीसी नागौर के परियोजना निदेशक चेतन सोनी, सहायक अभियंता प्रवीण सोनी सहित राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। भारी पुलिस जाब्ते के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
अतिक्रमण हटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि अब सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा। जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। तहसीलदार सतीश कुमार राव ने बताया कि यह नियमित अभियान का हिस्सा है, ताकि सड़क निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।