कुचामन : पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sat, 25-Apr-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट एवं बरगद संरक्षण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मिशन बरगद के पर्यावरण प्रेमी डॉ. प्रदीप चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर कचरा प्रबंधन अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के अनुसार कचरे का पृथक्करण और रीसाइक्लिंग बेहद जरूरी है, जिससे कचरे के ढेर कम होंगे और पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कचरे के ढेर हवा, पानी और भूमि को प्रदूषित करते हैं, जिससे ग्लोबल वार्मिंग बढ़ती है और माइक्रोप्लास्टिक खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर मानव स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। सभी के संयुक्त प्रयासों से ही धरती को स्वच्छ और हराभरा बनाया जा सकता है।
क्लब के संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि पान मसाला, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट जैसी आदतें धीरे-धीरे गंभीर नशे की ओर ले जाती हैं। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उन्हें अपराध की ओर भी धकेल सकता है। इसलिए प्रारंभिक स्तर पर ही बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं नशा मुक्ति के लिए संकल्प दिलाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू चौधरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए। क्लब अध्यक्ष लॉयन रेखा काबरा एवं फाउंडेशन निदेशक नेतराम कुमावत ने बताया कि इस मुहिम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को संस्था द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर लॉयन विष्णु मोयल, शिक्षक भवरलाल, सीमा, मुकेश, जाकिर, राजेश, मंजू कुमावत, गोपाल, हाकिम, हिम्मत, विवेक, विविध, जितेंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।