हाईटेंशन लाइन के निर्माण को लेकर विवाद गहराया, ग्रामीण कर रहे हैं विरोध प्रदर्शन
![]() |
शौकत खान | Fri, 17-Apr-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। डेगाना के आसपास के क्षेत्र में 765 केवी डीसी हाईटेंशन लाइन के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य कर रही कंपनी नियमों और प्रशासनिक निर्देशों की खुलेआम अनदेखी कर रही है, जिससे आमजन और किसानों को भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लाइन बिछाने का काम खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में बिना किसी स्पष्ट सहमति और उचित मुआवजे की प्रक्रिया के किया जा रहा है। इससे न केवल फसलों को नुकसान हो रहा है, बल्कि लोगों में सुरक्षा को लेकर भी भय बना हुआ है। ज्ञापन में बताया गया है कि प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन किए बिना ही कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट मांग की है कि पहले सभी नियमों, मुआवजे और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को सार्वजनिक किया जाए और उनकी पालना सुनिश्चित की जाए। इसके बाद ही निर्माण कार्य को आगे बढ़ने दिया जाएगा। जब तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कंपनी के कार्य का विरोध जारी रहेगा। ज्ञापन में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।