फिर से लौटी खोई रंगत... शिक्षकों की मेहनत से 426 पार पहुंचा नामांकन, अतिरिक्त कक्षाओं से मिल रहा छात्रों को लाभ
![]() |
अबू बकर बल्खी | Fri, 17-Apr-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज) : शहर के जौहरी राजकीय उच्च माध्यमिक नोडल विद्यालय की खोई रंगत फिर से लौट रही है। यहां विद्यालय में शिक्षकों की मेहनत और प्राचार्य मनीष सिंघाटिया के प्रयासों से शिक्षण व्यवस्था पटरी पर दौड़ने लगी है। सिंघाटिया के नेतृत्व में पिछले दो सप्ताह में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम और हाउसहोल्ड सर्वे के जरिए 115 नए छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है।
यह ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों में कम समय में हुआ सबसे बड़ा नामांकन माना जा रहा है। विद्यालय में जहां सत्र 2025-26 में कुल नामांकन 295 था, वहीं अब यह बढ़कर 426 तक पहुंच गया है। इस उपलब्धि में सर्वे प्रभारी प्रकाश स्वामी, उप प्राचार्या विशाखा खेरवा, शिक्षक किशनाराम, गंगादेवी, शेर मोहम्मद, हेल्प डेस्क प्रभारी भंवराराम, शिक्षिका मंजू चौहान, ओमप्रकाश गोरा, हर्षवर्धन नांदु, रविकुमार और लालाराम सहित पूरे स्टाफ का विशेष योगदान रहा है।
अतिरिक्त कक्षाओं से छात्रों को मिल रहा लाभ :
इसके अलावा ग्रीष्मावकाश के दौरान भी विद्यालय परिसर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। प्रिंसिपल मनीष ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 11वीं और 12वीं में कृषि संकाय चुनने वाली छात्राओं के लिए विशेष योजना के तहत 15 हजार रुपये प्रतिवर्ष एकमुश्त छात्रवृत्ति का प्रावधान किया गया है, जिससे बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिल रहा है।