मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में हज यात्रियों का प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sun, 12-Apr-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में हज यात्रा 2026 पर जाने वाले हज यात्रियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन रविवार को शहर के होद का दरवाजा के पास स्थित छीपा जमात खाने में प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक हज जिला संयोजक शेख मईनुद्दीन अशरफी मकराना की देखरेख में किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में हज यात्रा 2026 पर जाने वाले हज यात्रियों को दक्ष प्रशिक्षक गुलाम रसूल जयपुर,सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता दाउद अली खान,सेवानिवृत्त सहायक अभियंता उस्मान गनी खान, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य लियाक़त अली खान व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य आरीफ खान आदि दक्ष प्रशिक्षकों द्धारा हज यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी, प्रक्रियाएं एवं सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई,
जिसमें विशेषज्ञों द्वारा हज के विभिन्न अरकान, जरूरी दस्तावेज, स्वास्थ्य संबंधी निर्देश, और सऊदी अरब में रहने-ठहरने की व्यवस्थाओं, एहराम बांधने का तरीका, हज की फरजीयत, उमरा, खाना ए काबा का तवाफ, जियारते मदीना मुनव्वरा, हज के अरकान अदा करने का आसान तरीका, हज के पाॅंच दिन आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही, नुसुक ऐप, हज सुविधा एप्प व स्मार्ट वॉच के उपयोग,यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा समूह में समन्वय रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित हज यात्रियों ने भी अपने सवाल पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा सरल भाषा में किया गया। सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम का उद्देश्य हज यात्रियों को पूरी तरह से तैयार करना है, ताकि वे अपनी हज यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सफल बना सकें।