डीडवाना : कोलिया गांव के पास दर्दनाक हादसा, सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Mon, 30-Mar-2026 |
|---|
डीडवाना(नागौर डेली न्यूज) : सोमवार को डीडवाना क्षेत्र हाईवे पर कोलिया गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. कोलिया गांव के निकट आज शाम एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई.
हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कमांडो ने बताया कि खुनखुना गांव निवासी अजीज खान अपनी पत्नी नाजरीन और बेटे साहिल के साथ कार में सवार थे. अचानक कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि अजीज खान और नाजरीन की मौके पर ही मौत हो गई.
उनका बेटा साहिल गंभीर घायल अवस्था में है, जिसे तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
दोनों शवों को कब्जे में लेकर राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही हादसे का कारण हो सकती है.