साइबर ठगी : नावां पुलिस ने संगठित गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच युवकों को किया गिरफ्तार
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 27-Mar-2026 |
|---|
नावां(नागौर डेली न्यूज) : प्रदेश में बढ़ती साइबर ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के मद्देनजर डीडवाना-कुचामन जिले की नावां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान जितेंद्रसिंह (मुख्य आरोपी), महेश कुमार, दीपक, राजेंद्र और राजेश के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित दो स्कॉर्पियो कार भी जब्त की है.
घटना उस समय सामने आई जब नावां थाने के एएसआई परमा राम अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस को ये युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लैपटॉप और मोबाइल के साथ गतिविधियों में लिप्त नजर आए. पूछताछ करने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिस पर पुलिस उन्हें थाने ले आई. गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सभी युवक संगठित गिरोह बनाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे.
वृताधिकारी मुकेश चौधरी ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है.रिमांड के दौरान पूछताछ में इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 117, 318, 111(1,2,3,4) तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था.
डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाले किसी भी प्रलोभन या संदिग्ध लिंक पर विश्वास न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें.