दक्षिण भारत की ट्रेनों का ठहराव कुचामनसिटी में देने की मॉंग
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 17-Mar-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : जोधपुर–जयपुर रेल मार्ग पर स्थित प्रमुख स्टेशन कुचामन सिटी पर दक्षिण भारत जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि कुचामन राजस्थान में शिक्षा और सैनिक तैयारी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है तथा यहां से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में प्रवास करते हैं।
इसके बावजूद इस मार्ग से गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का कुचामन सिटी स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को अन्य स्टेशनों से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की जनता और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगातार जोधपुर मंडल के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से कुचामनसिटी स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव की मांग की जाती रही है।
इस संबंध में स्थानीय विधायक, सांसद तथा केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर कुचामन में ठहराव की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं होने से क्षेत्र में असंतोष देखा जा रहा है। कुचामन सिटी स्टेशन पर मुख्य रूप से जिन ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है, उनमें 22673/22674 भगत की कोठी–मन्नारगुड़ी, 20471/20472 श्रीगंगानगर–पुरी, 20813/20814 जोधपुर–पुरी, 22631/22632 बीकानेर–मदुरई तथा 20481/20482 भगत की कोठी–तिरुचिरापल्ली शामिल हैं। इन ट्रेनों का संचालन इस रेल मार्ग से होता है, लेकिन कुचामन सिटी स्टेशन पर इनका ठहराव नहीं होने से क्षेत्रीय यात्रियों को सीधी सुविधा नहीं मिल पा रही है।