कुचामन में फूटा किसानों का गुस्सा, प्याज के दामों को लेकर सरकार के खिलाफ गरजे किसान
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 17-Mar-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : कुचामन क्षेत्र के किसानों की बदहाल हालत और प्याज के गिरते दामों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं व किसानों ने जोरदार विरोध जताते हुए ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष मुनाराम महला की अगुवाई में उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
और किसानों ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। ज्ञापन में बताया गया कि कुचामन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्याज व सब्जियों का उत्पादन होता है, जिसकी सप्लाई हरियाणा, पंजाब, कोलकाता सहित कई राज्यों में होती है। इसके बावजूद स्थानीय किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
एक ओर किसान औने-पौने दामों पर फसल बेचने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनता को महंगे दामों पर सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। बीच में बिचौलियों की मनमानी से किसान और उपभोक्ता दोनों पिस रहे हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि प्याज की पैकिंग में उपयोग होने वाले बारदाना (कट्टों) के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है और मुनाफा खत्म हो रहा है।
किसान नेता परसाराम बुगालिया ने कहा किसान दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरता है, लेकिन आज वही किसान अपनी उपज का सही दाम पाने के लिए दर-दर भटक रहा है। सरकार तुरंत प्याज की सरकारी खरीद शुरू करे और MSP लागू करे, नहीं तो किसान सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगे वही निवर्तमान उपसभापति हेमराज चावला ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, दूसरी तरफ किसानों को लागत तक नहीं मिल रही।
यह दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिचौलियों पर लगाम लगाकर किसानों को सीधा लाभ देना होगा। देश के किसान की आज हालात यह हैं कि प्याज के भाव इतने गिर गए हैं कि मजदूरी और ढुलाई का खर्च भी नहीं निकल रहा। अगर जल्द राहत नहीं मिली तो किसान खेती छोड़ने को मजबूर हो जाएगा। किसानों की आवाज दबाने की कोशिश मत कीजिए। अगर सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो कुचामन से प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन खड़ा होगा.
कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी ज्ञापन में मुख्य रूप से प्याज की सीधी सरकारी खरीद, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू करने, बाजार हस्तक्षेप योजना (MIS) शुरू करने, बिचौलियों पर रोक लगाने और बारदाना कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग की गई है। अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी.
इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शेर खान, निवर्तमान उपसभापति हेमराज चावला, किसान नेता परसाराम बुगालिया, लादूराम डोडवाड़िया, कांग्रेस नावा ब्लॉक अध्यक्ष उदय सिंह खारिया, जयप्रकाश शेषमां, युवा नेता कमलकांत डोडवाङिया, कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष मुनाराम महला, भंवरलाल गिला, पूर्व पार्षद जवानाराम, मदरसा इस्लामिया समिति के मेला अध्यक्ष हुसैन लीलगर, गोरधन, हीरालाल आदि मौजूद रहे.