जोधपुर–मऊ स्पेशल ट्रेन हुई नियमित, कुचामन सिटी स्टेशन पर ठहराव से बढ़ी रेल सुविधाएं
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sun, 15-Mar-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। पिछले तीन वर्षों से त्योहारों और विशेष अवसरों पर हॉलीडे स्पेशल के रूप में संचालित हो रही जोधपुर–मऊ–जोधपुर रेल सेवा को अब नियमित संचालन की स्वीकृति मिल गई है। रेलवे मंत्रालय द्वारा इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने के निर्णय के बाद कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन पर भी इसका ठहराव सुनिश्चित किया गया है।
जानकारी के अनुसार केन्द्रीय मंत्री एवं जोधपुर सांसद माननीय गजेंद्र सिंह जी की मांग पर रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने की अनुमति प्रदान की है। इसके बाद रेल मंत्री द्वारा इस सेवा को स्थायी रूप से चलाने की स्वीकृति दी गई है।
यह ट्रेन जोधपुर से चलकर कुचामनसिटी स्टेशन पर ठहराव करते हुए जयपुर, मथुरा, हाथरस, कानपुर और अयोध्या धाम सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर मऊ तक जाएगी। ट्रेन के नियमित संचालन से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुचामन सिटी स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव स्वीकृत होने से क्षेत्र के यात्रियों में खुशी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे क्षेत्र के लोगों को उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा करने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस नई स्वीकृति के साथ अब कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन पर कुल 20 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होने लगा है, जिससे स्टेशन की रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
क्षेत्रवासियों ने ट्रेन के नियमित संचालन और कुचामन सिटी ठहराव की स्वीकृति के लिए रेलवे मंत्रालय तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। यात्रियों का मानना है कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।