डीडवाना में ओडीओपी प्रदर्शनी का हुआ अनूठा और प्रेरणादायी शुभारंभ
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sun, 15-Mar-2026 |
|---|
डीडवाना(नागौर डेली न्यूज)। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ओडीओपी (One District One Product) प्रदर्शनी का रविवार को डीडवाना स्थित टाउन हॉल में एक अनूठी और प्रेरणादायी मिसाल के साथ शुभारंभ हुआ। जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत ने प्रेरणादायी पहल करते हुए नगर परिषद की सबसे बुजुर्ग महिला सफाई कर्मचारी श्रीमती मानी देवी के हाथों फीता कटवाकर प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन करवाया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने कहा कि श्रीमती मानी देवी द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाना हमारे श्रमवीरों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
टाउन हॉल में आयोजित प्रदर्शनी में जिले के चिन्हित ओडीओपी उत्पाद मकराना मार्बल एवं ग्रेनाइट से बने विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प उत्पादों की स्टॉल लगाई गई जहाँ उनका प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में इसके साथ ही 'एक जिला एक उपज- प्याज एवं 'एक जिला एक खेल- बास्केटबाल' के भी स्टॉल लगाए गए।
इस दौरान जिला कलक्टर डॉ खड़गावत और श्रीमती मानी देवी ने विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों एवं स्टॉल प्रतिनिधियों से संवाद कर मकराना मार्बल और ग्रेनाइट के हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी ली और कारीगरों के हुनर की सराहना की।
इस दौरान उन्होंने जिले के ओडीओपी उत्पादों को विभिन्न माध्यमों से प्रोत्साहित करने, विपणन गतिविधियां आयोजित करने और उत्पादों को बेहतर बाजार और पहचान दिलाने के लिए समय- समय पर विभिन्न आयोजन करने की बात कही। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें और स्थानीय कारीगरों का उत्साहवर्धन करें।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने प्रदर्शनी स्थल पर उपस्थित बास्केटबाल की बालिका खिलाडियों से भी संवाद किया और खेल प्रशिक्षण व खेल के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक हरेंद्र बेनीवाल,नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।