विज्ञापन

जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति में नहीं होगा कोई व्यवधान, कलक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Thu, 12-Mar-2026

डीडवाना-कुचामन(नागौर डेली न्यूज) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार डीडवाना-कुचामन जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति में किसी प्रकार का समझौत नहीं किया जाएगा। जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 
 
विज्ञापन
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि डीडवाना-कुचामन जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्ववत निर्बाध रूप से जारी रहेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की चिकित्सीय एवं शैक्षणिक संस्थानों में निर्बाध उपलब्धता बनी रहे, जिससे आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
 
 
विज्ञापन
जिला कलक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया एवं अन्य किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों के आधार पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों  को भी निर्देश दिए कि वे अपने उपभोक्ताओं तक बल्क SMS के माध्यम से पिछली आपूर्ति से 25 दिन पश्चात बुकिंग स्वीकृत किये जाने एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता के संबंध में सूचित करे और प्रमाणित सूचना एवं जागरूकता संदेश प्रसारित करें, ताकि आमजन तक सही जानकारी पहुंचे और अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
 
गैस सिलेंडर उपभोक्ताओ की सुविधाओं एवं सहायता के दृष्टिगत 181, 112 एवं उपभोक्ता मामलात विभाग के हेल्पलाइन नंबर 14435 जारी किए गए हैं, जिनसे सम्पर्क कर उपभोक्ता गैस आपूर्ति से जुड़ी  समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज करवा सकते हैं। साथ ही जिला कलक्टर कार्यालय के कंट्रोल रूम के फोन नंबर   01580-294494 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं। 
 
बैठक में जिला कलक्टर ने रसद विभाग के अधिकारियों को घरेलू गैस सिलेंडरों के वाणिज्यिक उपयोग, अवैध रीफिलिंग गतिविधियों तथा कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
 
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत निगरानी के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया एवं जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका द्वारा समुचित पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग, रीफिलिंग या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
 
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया,जिला रसद अधिकारी उपेंद्र ढाका, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी तथा जिले के तीनों प्रमुख गैस कंपनियों (आईओसीएल, बीपीसीएल,एचपीसीएल) के एवं गैस एजेन्सीयों के प्रतिनिधी उपस्थित रहे।

विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News