कुचेरा(नागौर डेली न्यूज)। नागौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकण्ठ के तहत कुचेरा थाना पुलिस ने थानाधिकारी हबीब खान के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त की तस्करी का भंडाफोड़ किया है।
विज्ञापन
पुलिस ने बुटाटी सरहद से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 43.23 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी तथा वृत्ताधिकारी मूंडवा सतीश कुमार (आरपीएस) के सुपरविजन में कुचेरा थानाधिकारी हबीब खान ने पुलिस टीम के साथ यह कार्रवाई की।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को ऑपरेशन नीलकण्ठ के तहत सरहद बुटाटी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कुमार (32) पुत्र कमल कुमार, जाति कुमावत, निवासी धनजी का बाग कुचामन सिटी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 43.23 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वर्ना कार (नंबर RJ-21 CC 5172) को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। कार्रवाई में थानाधिकारी हबीब खान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल राजेश, पारस, रामप्रेम, तेजाराम, दुर्गाराम तथा चालक कांस्टेबल अजरूदीन सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।