कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने किया दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण, जाना मारवाड़ की विरासत को
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Mon, 19-Jan-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (टाइप-III) कुचामन सिटी द्वारा छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस यात्रा के दौरान छात्राओं ने मेड़ता और सूर्य नगरी जोधपुर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और न्यायिक स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन
यह भ्रमण विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन लाल और प्रधानाध्यापिका रतन देवी शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। दल में ललिता ढाका और प्रेम जांदू सहित अन्य शिक्षकों ने छात्राओं को प्रत्येक स्थान के ऐतिहासिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से शारदा चौधरी ने छात्राओं के शैक्षणिक महत्त्व के मद्देनज़र इस पूरे भ्रमण की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
भ्रमण का विस्तृत विवरण : मेड़ता से जोधपुर तक का सफर
भ्रमण के पहले चरण में छात्राएं मेड़ता पहुँचीं। यहाँ मीरा स्मारक में छात्राओं ने भक्ति शिरोमणि मीरां बाई के जीवन चरित्र, उनकी कृष्ण भक्ति और त्याग के बारे में विस्तार से जाना। इसके पश्चात छात्राओं ने मेड़ता रेलवे स्टेशन का भी अवलोकन किया, जहाँ उन्हें रेलवे की कार्यप्रणाली और इतिहास के बारे में बताया गया।
जोधपुर प्रवास के दौरान छात्राओं को ज्ञान और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला :
न्यायिक ज्ञान: छात्राओं को राजस्थान उच्च न्यायालय ले जाया गया, जहाँ उन्होंने न्याय प्रणाली की बारीकियों को समझा और माननीय न्यायालय की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
ऐतिहासिक वैभव : छात्राओं ने मेहरानगढ़ दुर्ग की भव्यता देखी और जसवंत थड़ा की अद्वितीय वास्तुकला की सराहना की। साथ ही मंडोर उद्यान में स्थित प्राचीन स्मारकों का भी भ्रमण किया।
प्राकृतिक और आध्यात्मिक दर्शन : अशोक उद्यान की हरियाली और अक्षरधाम मंदिर की शांति ने छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरिगढ़ विलेज रिसॉर्ट में छात्राओं को सामूहिक सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से बहुत कुछ सीखने को मिला और मनोरंजन के साथ भरपूर आनंद लिया।
सुरक्षा और व्यवस्था में अनुकरणीय सहयोग
पूरी यात्रा के दौरान छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूर्व ब्लॉक साक्षरता समन्वयक कुचामन सिटी चम्पालाल कुमावत, छोगाराम, तुलछीराम और राजेन्द्र शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय के पूर्व स्टाफ सदस्य निरमा विश्नोई एवं संजू पूनिया ने भी भ्रमण में साथ रहकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
छात्राओं के रात्रि विश्राम और भोजन की बेहतर व्यवस्था करने में हरिगढ़ विलेज रिसोर्ट के मालिक हरीश वैष्णव, बस्ती राम विश्नोई, शिवराज विश्नोई एवं एम्स नर्सिंग ऑफिसर रामनिवास भदाला का सराहनीय सहयोग रहा। भदाला ने स्वास्थ्य संबंधी देखरेख के साथ-साथ छात्राओं को प्राथमिक उपचार और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया।
व्यावहारिक ज्ञान का अवसर
प्रधानाचार्य मदन लाल ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। भ्रमण से लौटकर छात्राएं काफी उत्साहित नजर आईं और उन्होंने इस यात्रा को अपने जीवन का एक यादगार अनुभव बताया।