सावन माह में मानव सेवा की अनूठी मिसाल: स्व. रुपाराम बागड़ी की स्मृति में बड़ेश्वर शिव मंदिर में स्थापित हुआ वाटर कूलर
| मोहम्मद शहजाद | Mon, 03-Aug-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। पवित्र सावन मास के पावन अवसर पर मकराना के जूसरी रोड, मालियों की ढाणी स्थित पानी की टंकी के पास बड़ेश्वर शिव फूल मालियान मंदिर में मानव सेवा की एक अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली। यहां स्व. रुपाराम जी बागड़ी माली की पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा जनसेवा हेतु एक वाटर कूलर भेंट कर स्थापित करवाया गया।
वाटर कूलर का शुभारंभ पंडित राजकुमार परासर द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस पुनित कार्य में स्व. रुपाराम जी के पुत्र सीताराम व कमल बागड़ी तथा पौत्र ललित, सुजल एवं मोहित बागड़ी ने सप्रेम योगदान देकर अपने पूज्य पिता व दादाजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कमल बागड़ी ने कहा कि माता-पिता की स्मृति में समाजहित और जनसेवा के कार्य करना ही उन्हें सबसे बड़ी सच्ची श्रद्धांजलि है। हमारा उद्देश्य इस भीषण गर्मी के मौसम में आमजन और राहगीरों को शुद्ध व ठंडा जल उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।
इस मानवीय पहल पर स्थानीय निवासियों एवं मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने बागड़ी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्य को समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक बताया। ग्रामीणों का कहना था कि जूसरी रोड पर आवागमन अधिक रहने के कारण इस वाटर कूलर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को शीतल पेयजल का लाभ मिल सकेगा। शुभारंभ के इस गरिमामय अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, प्रबुद्ध नागरिक और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।