विज्ञापन

मकराना : 48 घंटे में तीन बड़ी चोरियों का खुलासा, मोगिया गैंग के दो शातिर चोर गिरफ्तार

मोहम्मद शहजाद Tue, 07-Jul-2026

मकराना​(नागौर डेली न्यूज) डीडवाना-कुचामन पुलिस ने मकराना थाना क्षेत्र के रायथलिया गांव में तीन मकानों में हुई नकबजनी की सनसनीखेज वारदात का मात्र 48 घंटे में खुलासा करते हुए मोगिया गैंग के दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है, जबकि चोरी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। चोरी गए सोने-चांदी के जेवरों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। 

 

विज्ञापन

एक ही रात तीन मकानों को बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े

पुलिस के अनुसार 4 और 5 जुलाई की मध्यरात्रि को रायथलिया गांव में अज्ञात चोरों ने तीन अलग-अलग मकानों की पीछे की खिड़कियां तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। प्रथम परिवादी सज्जन सिंह राजपूत के घर से करीब 15 तोला सोने के आभूषण एवं लगभग एक किलो चांदी के जेवर चोरी किए गए। वहीं दुर्ग सिंह के घर से करीब 8 तोला सोने के आभूषण और दौलत सिंह के मकान से सोने-चांदी के जेवरों के साथ 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर त्वरित जांच शुरू की। 

 

विज्ञापन

200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी जांच से दबोचे आरोपी

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवराण (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा तथा वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल से एफएसएल एवं एमओबी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद जयपुर-नागौर-किशनगढ़ हाईवे सहित आसपास के क्षेत्रों के करीब 100 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोगिया गैंग के दो सदस्यों की पहचान कर केकड़ी, सरवाड़, टोंक और मालपुरा क्षेत्रों में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने परबतसर एवं खुनखुना थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस को अन्य मामलों के खुलासे की भी उम्मीद है।

आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस रिमांड पर होगी पूछताछ

पुलिस ने इस मामले में लालाराम पुत्र माधूराम (23) निवासी झलका मेवाड़ा, जिला अजमेर तथा सुवालाल पुत्र देवाराम (25) निवासी भंगेरा, जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोगिया गैंग के सक्रिय सदस्य बताए गए हैं और इनके खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी, लूट तथा अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर चोरी गए जेवरों की बरामदगी तथा गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ करेगी। इस कार्रवाई में मकराना थाना पुलिस, साइबर सेल, एमओबी टीम एवं मालपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News