मकराना : डेगाना-गच्छीपुरा रेलखंड से चोरी 13 मीटर पटरी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
| मोहम्मद शहजाद | Thu, 13-Aug-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत डेगाना-गच्छीपुरा रेलखंड में दंबोई पुलिया के पास से चोरी हुई 13 मीटर लंबी रेल लाइन को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बरामद कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ पोस्ट मेड़ता रोड के निरीक्षक किशन सिंह एवं डेगाना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जरनैल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर दंबोई कला गांव में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी प्रकाश सिंह पुत्र देवी सिंह, निवासी दंबोई कला, के खेत में करीब दो फीट गहरी जमीन में दबाकर रखी गई 13 मीटर लंबी रेल लाइन बरामद हुई।
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ धारा 3 आरपी(यूपी) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरपीएफ की टीम मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में डेगाना चौकी प्रभारी एसआई जरनैल सिंह की अहम भूमिका रही। टीम में एएसआई रविंद्र कुमार, एएसआई हरकरण राम, हेड कांस्टेबल रामदेव तथा महिला कांस्टेबल मीनाक्षी चौधरी शामिल थे।