भारत विकास परिषद् कुचामन शहर द्वारा स्वास्थ्य पहल "एनीमिया मुक्त कुचामन" के अन्तर्गत मासिक एनीमिया जांच शिविर का हुआ आयोजन
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 04-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : भारत विकास परिषद् कुचामन शहर शाखा द्वारा परिषद् की स्वास्थ्य पहल "एनीमिया मुक्त कुचामन" के अंतर्गत शहर के मिर्धा नगर स्थित टैगोर बालिका माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं हेतु एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए परिषद के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन ने बताया कि शिविर की शुरुआत मां भारती और स्वामी विवेकानंद जी की चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर की गई।
इसके बाद परिषद् के संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी ने उपस्थित छात्राओं एवं महिला स्टाफ को एनीमिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए संतुलित आहार, हरी सब्जियों, दालों, फल एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन के लिए प्रेरित किया। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की आवश्यकता से भी अवगत करवाया।
इसके लिए छात्राओं एवं उनके माता-पिता की जागरूकता एवं इसके रोकथाम के लिए सरकार और चिकित्सालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में अवगत करवाया गया। साथ ही उन्होंने भारत विकास परिषद् की इस जनहितकारी स्वास्थ्य पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।