कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : भारत विकास परिषद् कुचामन शहर शाखा द्वारा परिषद् की स्वास्थ्य पहल "एनीमिया मुक्त कुचामन" एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत शहर के मिर्धा नगर टैगोर सीनियर सेकंडरी विद्यालय में छात्राओं हेतु शिविर का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए परिषद् के कोषाध्यक्ष अंकुर जैन ने बताया कि शिविर की शुरुआत मां भारती और स्वामी विवेकानंद जी की चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर की गई।
विज्ञापन
इसके बाद परिषद् के संरक्षक डॉ. गोविंदराम चौधरी ने उपस्थित छात्राओं एवं महिला स्टाफ को एनीमिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए संतुलित आहार, हरी सब्जियों, दालों, फल एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन के लिए प्रेरित किया। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की आवश्यकता से भी अवगत करवाया।
विज्ञापन
शिविर में उपस्थित सभी 230 छात्राओं एवं महिला स्टाफ की राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन की टीम द्वारा हीमोग्लोबिन जांच कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। एवं जिनका हीमोग्लोबिन स्तर कम पाया गया उन्हें आयरन की टैबलेट्स एवं पोषण किट वितरित किए गए।
सर्वाइकल कैंसर के संबंध में छात्राओं को दी गई आवश्यक जानकारी :
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित राजकीय जिला चिकित्सालय के डॉ. गौरव राजावत ने उपस्थित छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर जैसे महत्वपूर्ण विषय के संबंध में जानकारी दी। एवं इसके लिए छात्राओं एवं उनके माता-पिता की जागरूकता एवं इसके रोकथाम के लिए सरकार और चिकित्सालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे टीकाकरण के प्रयासों के बारे में अवगत करवाया गया। साथ ही उन्होंने भारत विकास परिषद् की इस जनहितकारी स्वास्थ्य पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान परिषद् के अध्यक्ष एडवोकेट ओमप्रकाश सेन, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार, छात्रावास अधीक्षक जगदीश कुलहरी, परिषद् के संपर्क गतिविधि संयोजक शरद सोमानी, संस्कार गतिविधि संयोजक जयप्रकाश शर्मा, वरिष्ठ सदस्य रामूराम महला तथा राजकीय जिला चिकित्सालय पीएमओ डॉ. बलवीर ढाका के निर्देश पर चिकित्सकीय टीम के डाॅ दिनेश, लैब असिस्टेंट शिवभगवान एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। अंत में परिषद् अध्यक्ष एडवोकेट ओमप्रकाश सेन द्वारा सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।