ग्रीष्मकालीन अवकाश कटौती के विरोध में राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत ने सौंपा ज्ञापन
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 07-Apr-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : ग्रीष्मकालीन अवकाश कटौती के निरस्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उपशाखा कुचामनसिटी ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (शिक्षा विभाग) के नाम मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कुचामन सिटी को ज्ञापन सौंपा। जिला मंत्री मोहम्मद शकील ने बताया कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश में 10 दिन की कटौती और संस्था प्रधान के विवेकाधीन अवकाश में 1 दिन की कमी करना तर्कसंगत नहीं है।
राजस्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जून माह में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच जाता है। ऐसी भीषण गर्मी में न तो विद्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही बच्चों के बैठने हेतु पर्याप्त छाया/ठंडक का प्रबंध। इन परिस्थितियों में जून माह में विद्यालयों का संचालन करना विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होगा।
उपशाखा मंत्री सजय खटीक ने बताया कि अवकाश की कटौती से शिक्षकों में गहरा रोष व्याप्त है। एक मानसिक रूप से असंतुष्ट शिक्षक विद्यार्थियों को पूर्ण ऊर्जा के साथ शिक्षित नहीं कर सकता। यदि शिक्षकों को सम्मानजनक माहौल और उचित विश्राम मिले, तो वे शैक्षिक ढांचे को कहीं अधिक मजबूती प्रदान कर सकेंगे।
जिला महिला मंत्री विमला चौधरी ने बताया कि सरकार पोषाहार (MDM) और ट्रांसपोर्ट वाउचर का लम्बे समय से बकाया भुगतान अविलंब जारी करे। इस अवसर पर जिला मंत्री मोहम्मद शकील, जिला महिला मंत्री विमला चौधरी, उपशाखा मंत्री सजय खटीक, सभाध्यक्ष बलवीर गौड़, रामेश्वरराम भाकर, अनिता, गोपाल प्रसाद शर्मा, भंवरलाल धोबी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।