कुचामन : साइबर ठगी गिरोह को किया न्यायालय में पेश, 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 05-May-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : डीडवाना-कुचामन पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कुचामन सिटी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध सफारी वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें सवार युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच के दौरान उनके पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
प्रशांत सिंह पुत्र महावीर सिंह, निवासी काकड़ा (दांतारामगढ़), हाल निवासी बड़ी खाटू
इमरान उर्फ शेखू पुत्र मोहम्मद सलीम, निवासी होली चौक, बड़ी खाटू
अशोक कुमार पुत्र बाबूलाल, निवासी कुचामनसिटी
कमल किशोर पुत्र बाबूलाल, निवासी गणपति नगर, डीडवाना (हाल जयपुर)
विष्णु पुत्र कमल किशोर, निवासी गणपति नगर, डीडवाना (हाल जयपुर)
ये आरोपी संगठित रूप से साइबर ठगी गिरोह संचालित कर रहे थे और अलग-अलग भूमिकाओं में कार्य करते थे।
ठगी का तरीका और करोड़ों का फ्रॉड
जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी निवेश योजनाओं, व्हाट्सएप ग्रुप और गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों को लालच देकर ठगी करता था। आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका उपयोग साइबर फ्रॉड में करते थे। इन खातों के जरिए करीब 5 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की गई, जो देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज 60 से अधिक मामलों से जुड़ी हुई है।
जब्ती और पुलिस की अपील
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 26 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, 6 सिम कार्ड, 4 चेकबुक, लैपटॉप और एक सफारी वाहन (RJ 14 UD 4855) जब्त किया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, फर्जी निवेश योजना या अधिक मुनाफा देने वाले ऑफर के झांसे में न आएं।